काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर पीरूमदारा और टांडा के बीच बने डिवाइडर में लाइट और रिफ्लेक्टर न होने से हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। पिछले छह महीनों में यहां लगभग 24 सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। हाल ही में संभल के एसडीएम और उनकी पत्नी भी इसी स्थान पर हुए हादसे में घायल हो गए थे।
इसी मुद्दे को लेकर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी और ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी ने समर्थकों संग पीरूमदारा NH पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से तुरंत डिवाइडर पर लाइटिंग सिस्टम और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की।
धरने के दौरान जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कदम उठाने की अपील की है।
