मुनस्यारी के ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी की उपस्थिति में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सड़कें, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, उद्यान और समाज कल्याण संबंधी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया।
चौना गांव में ततैया के हमले में हुई मौत के मामले में वन विभाग द्वारा 48 घंटों में मुआवजा न देने पर जिलाधिकारी ने तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए और गर्म घाटी वाले इलाकों में सर्वे कराने के आदेश दिए। दिव्यांग सौरभ को हारमोनियम और तबला पिथौरागढ़ से भेजने का आश्वासन दिया गया, साथ ही तहसीलदार को सौरभ के परिवार को खाद्यान्न किट उपलब्ध कराने और खंड शिक्षा अधिकारी को उसकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
मदकोट-जौलढूंगा-होकरा सड़क में डामरीकरण पर PMGSY अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के आदेश दिए गए। मुनस्यारी डाकघर घोटाले में लोगों के बकाया पैसे लौटाने के लिए डाक अधीक्षक पिथौरागढ़ को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि, उपजिलाधिकारी, परियोजना निदेशक, डिप्टी सीएमओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, तहसीलदार समेत समस्त विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
