नवरात्रे: उत्तरकाशी के सिद्धपीठ कुटेटी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

by | Sep 25, 2025 | News | 0 comments

नवरात्रों पर आस्था के बीच उत्तरकाशी का प्रसिद्ध सिद्धपीठ, मां राज राजेश्वरी कुटेटी देवी मंदिर श्रद्धालुओं का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर स्थित इस मंदिर में मान्यता है कि यहां पूजा-अर्चना करने से संतानहीन दंपत्ति को संतान सुख प्राप्त होता है और भक्तों के हर कष्ट दूर हो जाते हैं।

कथा के अनुसार राजस्थान के कोटा के महाराज ने अपनी पुत्री का विवाह यहां के स्थानीय युवक से किया। राजकुमारी दुखी थी कि उनकी कुलदेवी दूर रह गई थीं। तभी माता ने स्वप्न में दर्शन देकर कहा कि मैं तुम्हारे खेत में मिलूंगी। अगले दिन राजकुमारी को इंद्रावती नदी के समीप खेत में तीन पत्थरों के रूप में देवी के दर्शन हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने मंदिर का निर्माण कराया।

नवरात्र की अष्टमी और नवमी को देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और माता के दरबार में मनोकामनाएं पूर्ण होने की आस्था के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।