शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में युवा शक्ति समिति डोईवाला की ओर से आयोजित 13वें मां भगवती रात्रि जागरण में श्रद्धालुओं ने भजनों पर भक्तिभाव के साथ झूमकर भाग लिया। मंगलवार को केशवपुर बस्ती मैदान में आयोजित जागरण का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
एक दिन पहले श्रद्धालु मां काली देवी के मंदिर से पवित्र जोत लेकर डोईवाला पहुंचे। जागरण में भजन गायक महेंद्र, अमित (जागरण पार्टी), सुशील मेहरा (सहारनपुर), वीरा (देहरादून) ने श्रृंखलाबद्ध भजनों से माता का गुणगान किया। साथ ही काजल मेघा ग्रुप के कलाकारों ने भक्तिमय झांकियां प्रस्तुत कर माहौल को और धर्ममय बनाया।
जागरण के समापन के बाद बुधवार सुबह 7 बजे महा आरती संपन्न हुई और इसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता की भक्ति में शामिल होकर कार्यक्रम का आनंद लिया।
