उत्तरकाशी: जिलाधिकारी ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश, लापरवाही पर कड़ी चेतावनी

by | Sep 11, 2025 | Administration | 0 comments

उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को कार्यालय में आए नागरिकों की समस्याओं के तत्काल समाधान को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या को टालने के बजाय तुरंत कार्रवाई की जाए।

मोरी विकासखंड के ग्राम सुनकंडी में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र के जर्जर भवन को लेकर जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निरीक्षण कर केंद्र को नई बिल्डिंग में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। वहीं, रा. प्रा. विद्यालय सुनकंडी की जीर्ण-शीर्ण घेरवाड़ की समस्या पर जिला शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

चिन्यालीसौड़ विकासखंड के खादाडा गांव में भूस्खलन से हुए नुकसान पर जिलाधिकारी ने संबंधित तहसीलदार को एसडीआरएफ मानकों के अनुसार राहत दिलाने और पीडब्ल्यूडी को सुरक्षा कार्य सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हमेशा नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण करना है। प्रत्येक विभाग प्रमुख को कार्यालय में आने वाले हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।