नैनीताल में भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। पंत पार्क स्थित उनकी मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी वंदना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पं. गोविंद बल्लभ पंत के जीवन से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने सराहा। वहीं स्कूली बच्चों और छोलिया दल ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने माहौल को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और देश के गृहमंत्री के रूप में पं. गोविंद बल्लभ पंत ने आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पंत जी के विचार सदैव हमें जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रदेश की प्रगति पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। बहुगुणा ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की शहादत से बने उत्तराखंड का भविष्य तभी उज्जवल होगा जब युवा सही दिशा में अपनी ऊर्जा लगाएंगे।
