नेपाल में हुई हिंसा के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा बनबसा को आम नेपाली नागरिकों के प्रवेश के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और पुलिस बल को तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं।
भारत से नेपाल जाने वाले नागरिकों को अनुमति दी जा रही है, वहीं नेपाल से भारतीय मूल के लोगों को भारत आने पर भी कोई रोक नहीं है। केवल स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मामलों में ही विशेष अनुमति दी जा रही है। नेपाल में हालात बिगड़ने का असर सीमावर्ती भारतीय क्षेत्रों में भी देखा जा रहा है। बनबसा, मेलाघाट और टनकपुर के बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
नेपाल में फंसे रहे पर्यटकों ने भयावह स्थिति का वर्णन किया। एक पर्यटक ने बताया कि नेपाल में हिंसा का मंजर बहुत खौफनाक था, जिस कारण उन्हें स्थानीय लोगों के घर में शरण लेनी पड़ी। बाद में वैकल्पिक रास्तों से भारत लाया गया, जहां आकर उन्हें सुकून मिला।
पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति ने कहा कि सीमा पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी सेवाएं फिलहाल बंद कर दी गई हैं।
