पिथौरागढ़ : बेरीनाग में गुलदारों की चहलकदमी से दहशत, सीसीटीवी में कैद हुई रात की हलचल

by | Sep 11, 2025 | Animal | 0 comments

बेरीनाग नगर क्षेत्र में गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो महीनों से नगर के कई इलाकों—गणेश चौक, जवाहर चौक, ट्रेजरी लाइन और पुराना बाजार—में गुलदारों का झुंड रात में घूमता नजर आ रहा है। इसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलदार अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुके हैं। दहशत का आलम यह है कि लोग अंधेरा होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने गुलदारों को पकड़ने की मांग सीएम हेल्पलाइन तक में दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

वन विभाग ने स्थिति को देखते हुए इलाके में गश्त तेज कर दी है। बावजूद इसके, गुलदारों की चहलकदमी थमने का नाम नहीं ले रही। सीसीटीवी फुटेज में दो गुलदार एक साथ घूमते देखे गए, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।