उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल से लगी सीमाओं पर सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के जिला प्रशासन, सशस्त्र सीमा बल (SSB) और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और असामाजिक या उत्पाती तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना, अफवाह और उकसाने वाले कंटेंट की सतत निगरानी करने के भी आदेश दिए।
सीएम ने जिला प्रशासन से कहा कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और SSB के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें। सीमांत क्षेत्रों के ग्रामीणों, ग्राम समितियों और स्थानीय प्रशासन की सामूहिक भागीदारी से निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सीमाओं से लगे प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सीमा पार से होने वाले आवागमन पर विशेष सतर्कता बरती जाए। भारत सरकार के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन और सुरक्षा बलों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
