मसूरी में बुधवार को भट्टा गांव रोपवे पर आपदा प्रबंधन को लेकर हाई-टेक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान ऐसा परिदृश्य बनाया गया कि रोपवे अचानक तकनीकी खराबी से रुक गया और यात्री हवा में फंस गए। मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने एसडीएम मसूरी आईएएस राहुल आनंद के नेतृत्व में एक घंटे तक चले ऑपरेशन में ‘रोप रेस्क्यू टेक्निक’ से यात्रियों को सुरक्षित निकाला।
अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन हालात में त्वरित प्रतिक्रिया, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और उपकरणों की वास्तविक टेस्टिंग करना है। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भरोसा और जागरूकता बढ़ाना भी इस अभ्यास का अहम हिस्सा रहा।
कार्यक्रम को देखकर स्थानीय लोग और पर्यटक आश्वस्त दिखे और उन्होंने कहा कि इस तरह की तैयारियां भरोसा जगाती हैं कि आपदा की स्थिति में मदद तुरंत पहुंचेगी।
