चमोली जनपद में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम ने हवाई सर्वेक्षण किया। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना के नेतृत्व में पहुँची टीम में अनुसचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार और निदेशक वीरेन्द्र सिंह शामिल रहे। टीम ने थराली, चेपडो और सोल घाटी समेत कई प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी में जिलाधिकारी संदीप तिवारी के साथ बैठक की गई, जहाँ आपदा से हुए नुकसान पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने टीम को बताया कि चमोली जिले में अब तक लगभग 1120 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। विभागवार परिसंपत्तियों की क्षति का प्रस्तुतिकरण भी टीम को दिखाया गया।
इसके बाद केंद्रीय टीम ने थराली बाजार के भूस्खलन क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि केंद्र से जल्द ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और राहत के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। वहीं थराली विधायक भूपालराम टम्टा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों स्तर पर आपदा पीड़ितों की मदद और विकास कार्यों के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
चमोली: अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम का हवाई सर्वेक्षण, आपदा से 1120 करोड़ की क्षति का आंकलन
