विकास खंड कोटाबाग की ग्रामसभा रतनपुर के हरीपुर और विजयपुर गांव में बीती रात हाथियों के झुंड ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। रात के अंधेरे में करीब 10 से 15 हाथियों का झुंड खेतों में घुस आया और गन्ने, धान व उड़द की फसलों को रौंद डाला। अचानक हाथियों का आगमन देख ग्रामीण दहशत में आ गए और अपने घरों में दुबक गए।
किसानों विमला देवी, गुरजीत सिंह, संजीव वालिया, अनिल कुमार, अंचल वालिया और तेजेंद्र सिंह वालिया सहित कई किसानों की कई बीघा फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। इस नुकसान से किसान बेहद परेशान हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर गदगदिया रेंज के रेंजर अधिकारी जगदीश चंद्र जोशी अपनी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। वन विभाग ने हालात का जायजा लिया और किसानों को आश्वस्त किया कि रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
किसानों ने खेती के नुकसान का मुआवजा देने और भविष्य में हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
