हरिद्वार के हरकी पौड़ी के समीप भीमगोडा स्थित डाट महाकाली मंदिर के पास सुबह भारी भूस्खलन हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय मंदिर में दो श्रद्धालु मौजूद थे, जिन्हें पुजारी कालूराम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन भूस्खलन से पास बने शिव मंदिर को भारी क्षति पहुँची।
रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के गटर भी मलबे और पत्थरों के दबाव में क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रैक पर मलबा आने से देहरादून और ऋषिकेश के बीच रेल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सूचना पर रेलवे और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे और निरीक्षण किया। फिलहाल रेलवे टीम युद्धस्तर पर ट्रैक को दुरुस्त करने और सुरक्षा पिलरों को ठीक करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही रेल मार्ग बहाल कर दिया जाएगा।
हरिद्वार : डाट महाकाली मंदिर के पास भारी भूस्खलन, देहरादून-ऋषिकेश रेल मार्ग बाधित
