सिडकुल: सिडकुल पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने डेंसो चौक के पास गंगोत्री एनक्लेव फेस-3 के एक मकान में छापा मारकर हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड कंपनी के क्लिनिक प्लस और सनसिल्क ब्रांड के नकली शैंपू बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
मौके से तीन आरोपियों हसीन अहमद, शहबान और मोहसिन (निवासी लढौरा मंगलौर, हरिद्वार) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में कच्चा माल और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का तैयार माल बरामद हुआ। वहीं, एक आरोपी फरार होने में सफल रहा।
सिडकुल थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि ड्रग निरीक्षक हरि सिंह को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में नकली शैंपू बनाए जा रहे हैं। टीम ने कार्रवाई कर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। ड्रग निरीक्षक की ओर से आरोपियों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
