गढ़वाल के श्रीनगर कांडई टीचर्स कॉलोनी में आपदा ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। लगातार हो रही बारिश और रेलवे टनल निर्माण कार्य में हो रही ब्लास्टिंग से कई मकान दरक गए हैं। निवासियों का कहना है कि यदि बारिश और हुई तो उनके मकान धराशायी हो सकते हैं।
कई परिवार पहले ही अपने घरों पर ताला लगाकर विस्थापित हो चुके हैं और अब वे किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं। प्रभावित निवासियों ने बताया कि उन्होंने जीवन में कई आपदाएं देखी हैं, लेकिन इस बार रेलवे टनल निर्माण के कारण उनके मकान पूरी तरह जर्जर हो गए हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें इस आपदा से राहत दिलाने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं। वहीं, अपर जिलाधिकारी गढ़वाल अनिल गर्ब्याल ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारियों और राजस्व कर्मियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
