रुद्रपुर, उधमसिंह नगर। कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण और ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कलेक्ट्रेट के एपीजे सभागार में जनपद स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तेजी और पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को काशीपुर आरओबी का कार्य शीघ्र पूरा करने और मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तत्काल कराने को कहा। विद्युत विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर दुर्घटना रोकने हेतु लटकती तारों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने पाइपलाइन और सड़क संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही, बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला पूर्ति अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने का आदेश भी दिया।
उन्होंने मनरेगा भुगतान समय पर कराने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत खराब सड़कों की मरम्मत कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
