रुद्रपुर में भूमि पूजन के साथ रामलीला की तैयारियां शुरू

by | Sep 15, 2025 | Administration | 0 comments

रुद्रपुर के प्राचीन मुख्य बस स्टैंड स्थित रामलीला मैदान में भूमि पूजन के साथ इस वर्ष की रामलीला की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। पंडित वेद प्रकाश ने धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ विधिपूर्वक भूमि पूजन संपन्न कराया।

इस साल प्रभु श्रीराम का किरदार समाजसेवी मनोज अरोरा और हनुमान जी का किरदार सुशील गाबा निभाएंगे। कार्यक्रम में श्रीरामलीला कमेटी और श्री राम नाटक क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि भूमि पूजन आयोजन की सफलता, भगवान श्रीराम का आशीर्वाद, नकारात्मक ऊर्जा का नाश और भूमि की समृद्धि के लिए किया जाता है। महामंत्री विजय अरोरा ने इसे भूमि शुद्धिकरण और वास्तु पूजा बताया। समन्वयक नरेश शर्मा ने कहा कि यह परंपरा नई पीढ़ी को भगवान राम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास है।

श्री राम नाटक क्लब के अध्यक्ष विशाल भुड्डी ने कहा कि स्थानीय युवा पिछले एक माह से अभ्यास कर रहे हैं और रामलीला का मंचन रोज रात 9 बजे से 1:30 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान कोषाध्यक्ष अमित गंभीर, उपाध्यक्ष विजय जग्गा, आयुष्मान सुशील गाबा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे।