रुद्रपुर (उधमसिंह नगर) के सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के नामांकन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। नामांकन प्रक्रिया के बीच दो छात्र गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट और हवाई फायरिंग तक पहुंच गया। अचानक हुई इस घटना से कॉलेज परिसर में भगदड़ मच गई और छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी दहशत में आ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए कई छात्रों को हिरासत में लिया और हालात पर काबू पाया। गनीमत रही कि फायरिंग के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
