रुड़की: होटल व्यवसायी के बेटे के अपहरण और हत्या का खुलासा, फिरौती की मांग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

by | Sep 10, 2025 | Crime | 0 comments

पिरान कलियर थाना क्षेत्र में 6 सितंबर से लापता होटल व्यवसायी के बेटे की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। परिजनों की शिकायत पर दर्ज मामले में लगातार 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खुलासे में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने यूट्यूब देखकर करीब एक महीने पहले हत्या की साजिश रची थी। मौका मिलते ही युवक की गला दबाकर हत्या कर शव को बोरे में बंद कर गंगनहर में फेंक दिया गया, हालांकि शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मृतक के घर किराए पर रहते थे और नशे के आदी बताए जा रहे हैं। अंधा और लंगड़ा होने के बावजूद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को बाइक से ले जाने की कोशिश की, लेकिन पंचर होने पर ई-रिक्शा किराए पर लेकर शव को ठिकाने लगाया गया। आरोपी मृतक के फोन से ही परिजनों को व्हाट्सएप मैसेज के जरिए फिरौती की मांग कर रहे थे। SSP हरिद्वार ने खुद इस मामले की निगरानी की और 27 सदस्यीय टीम बनाकर आरोपियों की धरपकड़ सुनिश्चित की।