रामनगर के कोटाबाग विकासखंड के धापला गांव में भीषण बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम सभा भीमपुर निवासी एक युवक, जो श्राद्ध कर्म में सहयोग करने के बाद लौट रहा था, निहाल नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव में बह गया। युवक की चीख-पुकार सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान एक साहसी ग्रामीण ने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाई और संघर्ष करते हुए युवक को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर बरसात के मौसम में निहाल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे ग्रामीणों का बाहरी संपर्क पूरी तरह कट जाता है। यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निहाल नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।
