पौड़ी: मनियारस्यूं क्षेत्र में भालू का बढ़ता आतंक, ग्रामीण शिष्टमंडल ने डीएम और वन विभाग से लगाई गुहार

by | Sep 6, 2025 | Animal, Wildlife | 0 comments

पौड़ी जनपद के विकासखंड कल्जीखाल के मनियारस्यूं क्षेत्र में भालू का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में बडकोट गांव में भालू ने गर्भवती गाय को मार डाला, जबकि इससे पहले भी वह कई गांवों में मवेशियों पर हमला कर चुका है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं और भालू रात के समय गौशालाओं को तोड़कर पशुओं को मार रहा है।

इसी समस्या को लेकर दिऊसा, बडकोट, भटकोटी, कठूड़ और असगढ़ गांवों के ग्रामीणों का शिष्टमंडल प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल को ज्ञापन सौंपने पहुंचा। एसडीओ वन विभाग आईशा बिष्ट ने बताया कि अदवाणी रेंज से घटनाओं की लगातार रिपोर्ट मिल रही है, जिसे शासन तक भेजा जा रहा है। इसके बाद शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी गढ़वाल से मुलाकात कर क्षेत्र में दहशत बन चुके भालू से राहत दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पैठाणी क्षेत्र की तरह इस क्षेत्र में भी भालू को मारने की अनुमति देने की मांग रखी और चेतावनी दी कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे पौड़ी मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल तक करेंगे। ज्ञापन देने वालों में नवीन कुमार, रमेशचंद्र शाह, लक्ष्मण सिंह, सुभाष कुकरेती, मनीष, गणेश, जसपाल, नरेश थपलियाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।