निर्माणधीन सुसवा नदी पुल का निरीक्षण करने पहुंची विश्व बैंक टीम

by | Sep 25, 2025 | Administration | 0 comments

डोईवाला के सुसवा नदी सत्तीवाला बुल्लावाला में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण मंगलवार को विश्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। अधिकारियों ने बताया कि अब पुल निर्माण में आ रही बाधाएं दूर हो गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

विश्व बैंक की तकनीकी और सोशल टीम के वरिष्ठ अधिकारी लोक निर्माण विभाग हरिद्वार और कार्यदाई संस्था के अधिकारियों के साथ स्थल पर पहुंचे और पुल निर्माण से जुड़ी सभी समस्याओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने विभाग को सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राकेश रावत ने बताया कि विश्व बैंक के अधिकारियों ने पुल डिजाइन समेत अन्य सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सप्ताह भर के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। विभाग और कार्यदाई संस्था ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और जल्द ही पाइल फाउंडेशन का कार्य आरंभ होगा। बरसात के कारण सुसुवा नदी का जलस्तर पहले बढ़ा था, जिससे कुछ देरी हुई थी, लेकिन अब जलस्तर घटने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।

इस दौरान लोक निर्माण विभाग हरिद्वार के सहायक अभियंता मनमोहन सिंह, अपर सहायक अभियंता डॉक्टर CL भारती, वासुदेव कुकरेती, डॉक्टर आशा रतूड़ी और गौरव अग्रवाल भी मौजूद रहे।