देहरादून: हिमालय दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने की हिमालय संरक्षण की अपील

by | Sep 10, 2025 | Politics | 0 comments

राजधानी देहरादून में हिमालय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और हिमालय बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़ी चुनौतियों पर समेकित चिंतन और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भावी पीढ़ियों के लिए हिमालय की सुंदरता और जैव विविधता को संरक्षित रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिमालयी क्षेत्रों के सामाजिक विकास के लिए इकोलॉजी और इकोनॉमी में संतुलन आवश्यक है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण उत्तराखंडवासियों के स्वभाव में है और हरेला जैसे पर्व इसका सजीव उदाहरण हैं।