तहसील का गजब हाल: कानूनगो के घर में रखी मिली फाइलें, अधिकारियों पर उठे गंभीर सवाल

by | Sep 25, 2025 | Administration | 0 comments

हल्द्वानी तहसील की कार्यप्रणाली की हकीकत कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत के औचक निरीक्षण के दौरान उजागर हुई। शिकायतों की पुष्टि के लिए पहुंचे कमिश्नर ने तहसीलदार के साथ उत्तर उजाला स्थित कानूनगो अशरफ अली के घर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में पाया गया कि कानूनगो फाइलों और रजिस्टरों को कार्यालय की बजाय अपने घर पर रखकर रिपोर्ट तैयार करते थे। फाइलों को जानबूझकर लंबित रखने और मौके पर न जाने के आरोप भी उनके खिलाफ लगे हैं। इस छापे के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया।

कमिश्नर ने इस मामले को गंभीरता से लिया और जिलाधिकारी को प्रशासनिक जांच कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। यह घटना तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करती है, खासकर उन मामलों में जहां फाइलों की समय पर निपटान में देरी हो रही है।