डोईवाला: नगर पालिका के खोदे गए सोकपीट के गड्ढे को लेकर विवाद, सोशल मीडिया पर राजनीति से स्थानीय लोगों में रोष

by | Sep 16, 2025 | Politics | 0 comments

डोईवाला नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 भानियावाला क्षेत्र में ढलाई वाली एक कॉलोनी में बरसात के पानी की निकासी के लिए बनाए गए सोकपीट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय सभासद ईश्वर रौथान की पहल पर नगर पालिका द्वारा खोदे गए इस गड्ढे को कुछ लोगों ने बंद करा दिया, जिससे स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध जताया।

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान भारी मात्रा में पानी जमा हो जाता है, जिससे बीमारी और अन्य समस्याएं बढ़ती हैं। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि गड्ढा खोदकर पानी के समायोजन की व्यवस्था ही एकमात्र विकल्प है और वे इसके पक्ष में हैं। उनका आरोप है कि सिर्फ एक परिवार इसका विरोध कर रहा है, जबकि बाकी सभी निवासी गड्ढे को आवश्यक मानते हैं।

सभासद ईश्वर रौथान ने बताया कि क्षेत्र की गंभीर समस्या को देखते हुए नगर पालिका से गड्ढे की स्वीकृति दिलाई गई थी। लेकिन कुछ लोग इसे बंद करवा रहे हैं और राजनीतिक स्वार्थवश सोशल मीडिया पर भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग जैसा निर्णय लेंगे, नगर पालिका उनकी राय के अनुसार ही कार्य करेगी।