बुधवार को टिहरी जिले के नागनी में बड़ा सड़क हादसा हुआ। घनसाली के घुत्तू से हरिद्वार जा रही बिश्वानाथ बस (संख्या UK 014 PK 0555) खाड़ी के पास एक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बस चालक समेत 2 लोगों की मौत हो गई और 12 यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल सहित प्रशासनिक टीमें पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 18 यात्री सवार थे। हादसे में घायल 12 यात्रियों का उपचार खाड़ी स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जिनमें से गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नई टिहरी बोराड़ी अस्पताल भेजा गया है।
