नेपाल में भड़की हिंसा और राजनीतिक उथल-पुथल के चलते उत्तराखंड की नेपाल सीमा से लगे चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आवागमन करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस बल लगातार गश्त और कांबिंग कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आम जनता से अपील कर रहे हैं कि नेपाल यात्रा के दौरान भारत सरकार द्वारा जारी परामर्शों का पालन करें और सावधानी बरतें। वहीं, खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं।
नेपाल प्रशासन ने कंचनपुर जिले के महेंद्रनगर में आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद मंगलवार सुबह 11 बजे से अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत जिले की सीमा के भीतर प्रवेश-निकास पर रोक लगा दी गई है और किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, प्रदर्शन या भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध है। आदेशों के अनुसार, बिना अनुमति पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर नेपाल के सुरक्षाकर्मी कार्रवाई कर सकते हैं।
