दिल्ली। गंगा की स्वच्छता को बढ़ाने के लिए राजधानी दिल्ली में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के डायरेक्टर जनरल और उत्तराखंड सरकार के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
नमामि गंगे परियोजना के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा ने बताया कि बैठक में उत्तराखंड में गंगा स्वच्छता से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में शहरी विकास विभाग के सचिव भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि अगर राज्य में मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) की क्षमता बढ़ानी है या नए STPs स्थापित करने हैं, तो उनके प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जाएं। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए विशेष परियोजनाओं की स्वीकृति दिलाने की भी बात हुई, जैसा कि उत्तर प्रदेश में किया गया था।
राज्य सरकार को मौजूदा STPs के अपग्रेडेशन के लिए भी परियोजनाएं भेजने को कहा गया है। इन प्रस्तावों को अगले 10 से 15 दिनों में केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। मिश्रा ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से उत्तराखंड की नदियों को स्वच्छ बनाए रखने के अभियान को और मजबूती मिलेगी तथा केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल को बल मिलेगा।
