काशीपुर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर द्वारा आयोजित शहीदी नगर कीर्तन का समापन बड़े गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से हुआ, जहाँ से यात्रा दिल्ली के लिए रवाना हुई। लगभग 2500 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद नगर कीर्तन बीती शाम काशीपुर पहुँचा और रात्रि विश्राम किया गया। आज सुबह 9 बजे नगर कीर्तन दिल्ली के लिए प्रस्थान हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सहभाग किया।
मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी लेकिन धर्म के मार्ग से विचलित नहीं हुए। उन्होंने इसे सच्ची प्रेरणा बताते हुए कहा कि हमारे धर्मगुरुओं ने अन्याय और अत्याचार सहा लेकिन धर्म के मार्ग से कभी समझौता नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए धार्मिक कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर, अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब को लाने की पहल और हेमकुंड साहिब के लिए शुरू किए गए 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे प्रोजेक्ट का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार हमारे गुरुओं की परिकल्पना को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
