उत्तराखंड में भ्रामक खबरों को लेकर प्रशासनिक अमला अलर्ट हो गया है। हाल ही में मुख्यमंत्री बदले जाने की फेक न्यूज फैलाने पर तीन पोर्टल संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि पिछले 4 सालों से मंत्रिमंडल विस्तार का दावा करके महेंद्र भट्ट ने भी जनता को गुमराह किया है।
आपको बता दें कि इस समय मंत्रिमंडल में पांच पद रिक्त हैं और समय-समय पर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कहते रहे हैं कि जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। वहीं कांग्रेस के इस कटाक्ष का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को अपने संगठन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार मुख्यमंत्री का अधिकार है और जब वह फैसला लेंगे, तब जनता के सामने स्पष्ट होगा।
