एम्स ऋषिकेश में संविदा कर्मचारियों का हंगामा, गेट पर रोके जाने से भड़के कर्मचारी

by | Sep 11, 2025 | Protest | 0 comments

एम्स ऋषिकेश में पिछले करीब दस वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने बुधवार को प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। कर्मचारियों का आरोप है कि बीते 2 सितंबर को एम्स प्रशासन ने 50 से अधिक संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं, जिसके बाद से वे लगातार वार्ता की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन उनसे मिलने को तैयार नहीं है।

बुधवार को जब संविदा कर्मचारी एम्स निदेशक से मिलने पहुंचे, तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इससे नाराज कर्मचारियों ने एम्स गेट के बाहर प्रदर्शन कर हंगामा किया। उनका कहना है कि वे दस सालों से विभिन्न पदों पर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अचानक सेवा समाप्त कर दी गई। उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं बताया गया कि सेवा विस्तार होगा या नहीं।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एम्स निदेशक पिछले एक सप्ताह से मुलाकात का आश्वासन तो दे रही हैं, लेकिन अभी तक उनसे मिलने नहीं आईं।

इस मौके पर नगर निगम ऋषिकेश के पार्षद देवेंद्र प्रजापति ने भी कर्मचारियों का समर्थन करते हुए एम्स प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के पास रोजगार नहीं है, लेकिन एम्स प्रबंधन सेवा निवृत्त कर्मचारियों को नौकरी देकर बेरोजगारों की अनदेखी कर रहा है। प्रजापति ने इसे सरकार का दोहरा मानक बताते हुए कहा कि जो लोग पहले से ही पेंशन ले रहे हैं, वे वेतन भी प्राप्त कर रहे हैं, जबकि बेरोजगार युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।