उत्तराखंड की पहली खेल यूनिवर्सिटी मानसखंड स्टेट स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हल्द्वानी के गोलापार क्षेत्र में तेजी से आकार ले रही है। राज्य गठन के 25 साल बाद प्रदेश को यह बड़ी सौगात मिली है।
यह यूनिवर्सिटी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं के खेल सपनों को उड़ान देने का काम करेगी। वाइस चांसलर और रजिस्ट्रार की नियुक्ति हो चुकी है और अब इसे फंक्शनल बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
देशभर की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटीज़ का अध्ययन करने के बाद मानसखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का खाका तैयार किया गया है। वाइस चांसलर अमित सिन्हा ने बताया कि फिलहाल इसे यूजीसी में रजिस्टर करा दिया गया है और अब कोर्स व करिकुलम तय करने की प्रक्रिया चल रही है। शुरुआती चरण में बीपीएड, बीसीईएस, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और स्पोर्ट्स साइंस जैसे अहम कोर्स शुरू करने की तैयारी है।
राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के बाद उत्तराखंड में खेलों का उत्साह बढ़ा है और युवाओं की दिलचस्पी भी खेलों की ओर बढ़ रही है। यही वजह है कि यह यूनिवर्सिटी देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।
