उत्तरकाशी: स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र नेताओं का आमरण अनशन चौथे दिन में, पूर्व और वर्तमान नेताओं का मिला समर्थन

by | Sep 6, 2025 | Protest | 0 comments

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी में छात्रों की समस्याओं को लेकर चल रहा आमरण अनशन चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। छात्र नेता आशीष कोहली, आलोक रावत और बृजेश कुमार लगातार धरने पर बैठे हैं। आंदोलन को मजबूती देने के लिए पूर्व व वर्तमान छात्र नेताओं ने समर्थन दिया, जिनमें अमरीकन पुरी, ॐ छात्र संगठन संस्थापक, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य पृथ्वीपाल, छात्र नेता आकाश भट्ट, पूर्व छात्र नेता व वर्तमान ज्येष्ठ प्रमुख योगेश डंगवाल, महासंघ अध्यक्ष गौतम रावत, छात्र नेता दीपक भट्ट और पूर्व छात्र सौरव राणा शामिल हैं।

छात्रों का कहना है कि परीक्षा परिणामों में देरी, प्रवेश प्रक्रिया की दिक्कतें, फैकल्टी की कमी और महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए वे आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में विश्वविद्यालय स्तर पर लंबित समस्याओं का तत्काल समाधान और शासन स्तर से नई फैकल्टी व सुविधाओं की स्थापना शामिल है।

इस बीच, छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन से वार्ता कर कल रात पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कथित बर्बरता का विरोध दर्ज कराया और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। अनशनकारी छात्रों ने साफ किया कि उनकी मुहिम शांतिपूर्ण है और तब तक जारी रहेगी जब तक सभी समस्याओं का ठोस समाधान नहीं किया जाता।