उत्तरकाशी जिले के आकांक्षी ब्लॉक मोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवा पर्व के अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत वृहद विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह राणा ने गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में रिबन काटकर किया।
शिविर में दून मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 632 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। इसमें 7 महिलाओं की एएनसी जांच, 17 लोगों का टीकाकरण, 63 लोगों की ब्लड प्रेशर और शुगर जांच, 47 एक्सरे, 35 ईसीजी और 9 टीबी जांच शामिल रहीं। इसके अलावा 40 रक्तदाताओं ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया।
समाज कल्याण और स्वास्थ्य विभाग की ओर से 102 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाए गए, साथ ही 2 दिव्यांगों को छड़ी और 1 को वॉकर प्रदान किया गया। शिविर में लोगों को परामर्श, उपचार और नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं।
सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोग लाभ ले रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार को उपजिला चिकित्सालय पुरोला में भी विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा और जनता से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
